लाल घेरे में आतंकी जमालउद्दीन गुज्जर उर्फ अबू बकर
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर में एक साल से डोडा और किश्तवाड़ में सक्रिय लश्कर आतंकी जमालउद्दीन गुज्जर उर्फ अबू बकर बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस गिरफ्तारी को दोनों जिले में बीते दिनों में हुई बड़े नेताओं की लक्ष्य बनाकर की गई हत्याओं के हिसाब से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसपी ऑपरेशन रविंदरपाल सिंह ने बताया कि ठाठरी के जंगल में आतंकी के छिपे होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर सेना की 26 आरआर और डोडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आतंकी के पास से एक एके 47 राइफल और मैगजीन बरामद की गई है।
गुर्जर किश्तवाड़ जिले के पथाना केशवान का रहने वाला है। वह सेना और पुलिस के 22 जून को किश्तवाड़ के सरवाना के जंगलों में मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया था। इसके बाद वह आसपास के जंगलों में छिपता रहा था। इससे पहले पिछले साल अक्तूबर में एके राइफल के साथ इसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
किश्तवाड़ को एक दशक पहले आतंकवाद से मुक्त घोषित किया जा चुका है लेकिन पिछले साल एक नवंबर को भाजपा के प्रदेश सचिव अनिल परिहार और उनके भाई अजीत परिहार की हत्या हो गई थी। इस साल नौ
अप्रैल को आरएसएस नेता चंद्रकांत शर्मा और उनके सुरक्षाकर्मी की अस्पताल में हत्या कर दी गई थी।