दो सप्ताह पहले हुए दोहरे आतंकी हमले में 7 जवान हुए थे जख्मी
11 और 12 जून को पहाड़ी जिले डोडा में दोहरे आतंकवादी हमलों के बाद सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ पुलिस द्वारा गहन तलाशी और घेराबंदी अभियान चला रहे थे। 11 जून को छत्रगलां में एक संयुक्त जांच चौकी पर आतंकियों के हमले में छह सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे, जबकि अगले दिन गंदोह क्षेत्र के कोटा टॉप पर मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। हमलों के बाद, सुरक्षा बलों ने अपने आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिए और जिले में घुसपैठ करने वाले चार पाकिस्तानी आतंकियों की सूचना देने वाले को 5-5 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी।
कठुआ में मारे गए थे दो आतंकी
इस महीने जम्मू क्षेत्र में यह दूसरी ऐसी मुठभेड़ थी। 11-12 जून को कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में 15 घंटे तक चले अभियान में दो पाकिस्तानी आतंकी मारे गए थे, जबकि सीआरपीएफ का एक जवान बलिदान हो गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने डाला डेरा
जम्मू संभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन, डोडा-किश्तवाड़-रामबन रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक श्रीधर पाटिल और डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जाविद इकबाल अभियान की निगरानी के लिए मुठभेड़ स्थल पर मौजूद रहे।
डोडा, भद्रवाह, बनी में इंटरनेट सेवा बंद की गई
अधिकारियों ने कहा कि एहतियात के तौर पर डोडा जिले के भद्रवाह, गंदोह, भलेस व कठुआ के बनी इलाके में मोबाइल इंटरनेट मोबाइल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।