जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने वीरवार को कश्मीरी युवाओं से एक बड़ी अपील की है। समाचार एजेंसी एएनआई से हुई बातचीत के दौरान वैद ने कश्मीरी युवाओं से अपील की कि वे आतंकियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़ के दौरान मुठभेड़ स्थल पर न जाएं।
इस दौरान वैद ने कहा कि कश्मीर के स्थानीय युवाओं से अपील है कि वो मुठभेड़ के दौरान अपने घरों में रहें और मुठभेड़ की जगह पर न जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबल भी आपरेशन के दौरान घरों या वाहनों की आड़ लेकर ही कार्रवाई करते हैं ऐसे में अगर युवा मुठभेड़ की जगह पर जाते हैं वो एक आत्महत्या के प्रयास जैसा हो सकता है।
वैद ने कश्मीर में तनाव के लिए पाकिस्तान को जिम्मेवार बताते हुए ये भी कहा कि कश्मीर के युवाओं को पाक की ओर से पत्थरबाजी में शामिल होने और मुठभेड़ स्थल पर जाने के लिए भड़काने की साजिश की जाती है लेकिन इसके बावजूद भी हम बहुत हद तक कश्मीर में हालातों को काबू करने में सफल रहे हैं।