जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना
- फोटो : फाइल, एएनआई
जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 का अभिशाप हटने से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रिकॉर्ड विकास होगा। जम्मू-कश्मीर में बेवजह लगाए गए कई कानून 31 अक्तूबर को खत्म हो जाएंगे। रैना मंगलवार को गांधीनगर विधानसभा के कुंजवानी क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास में अनुच्छेद 370 और 35ए रोड़ा बने हुए थे। इसे हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर में नई सुबह हुई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर में एक संविधान, एक ध्वज और एक भारत की व्यवस्था लागू हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद बड़े व्यापारिक घराने जम्मू-कश्मीर में रुझान दिखाने लगे हैं।
इससे रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। भाजपा समाज के सभी वर्ग के लोगों के साथ सबका साथ, सबका विकास के तहत काम कर रही है। जिला प्रधान व चेयरमैन जेएमसी बलदेव सिंह बिलावरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में विकास को गति मिली है। जम्मू-कश्मीर का भविष्य उज्ज्वल होगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के सदस्य भाजपा में शामिल हो गए। इसमें डॉ. कृष्ण लाल थापा, मोहन लाल थापा, शाला कुमार, मुकेश काटल, सुरेंद्र कुमार, बिजेंद्र कुमार, बलदेव राज आदि शामिल रहे।