प्रदेश बीजेपी आरएस पुरा विधानसभा क्षेत्र से अपने निलंबित विधायक गगन भगत के मामले में अभी मंथन के दौर से ही गुजर रही है। अनुशासनहीनता और पत्नी से विवाद सार्वजनिक होने के मामले में पार्टी की तरफ से तीन महीने के लिए गगन भगत को बीजेपी से निलंबित किया गया था। निलंबन की अवधि 27 अक्तूबर को पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद बीजेपी अगली कार्रवाई करने में देरी कर रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार निकाय चुनाव में आरएस पुरा क्षेत्र में बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहा है। अब पंचायत चुनाव की बारी है। ऐसे में बीजेपी कोई ऐसा सख्त कदम उठाने में एहतियात बरत रही है, जिससे पार्टी को नुकसान हो।
भाजपा अनुशासनात्मक समिति के चेयरमैन सुनील सेठी के अनुसार समिति ने गगन भगत को अनुशासनहीनता के मामले में दोषी पाया था और पार्टी से उन पर कड़ी कार्रवाई करने की सिफारिश की थी। इस सिफारिश के बाद गगन को तीन महीने के लिए प्रदेश भाजपा से निलंबित कर दिया गया था। अब आगे की कार्रवाई पार्टी की तरफ से क्या होती है, इस पर फैसला प्रदेशाध्यक्ष को करना है। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह जल्द इस मसले पर कोई फैसला लेंगे।
आरएस पुरा विधायक गगन भगत ने बताया कि बीजेपी के लिए काम कर रहा हूं। आरएस पुरा विधानसभा क्षेत्र में लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए विधायक के तौर पर मेहनत कर रहा हूं। निकाय चुनाव में आरएस पुरा में पार्टी का बेहतर प्रदर्शन रहा है। पार्टी लगातार उनके संपर्क में है।