बैक टू विलेज-द्वितीय चरण कार्यक्रम के दौरान जम्मू कश्मीर की मढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछली बार के मुकाबले लोगों की संख्या बहुत कम रही। बैक टू विलेज-पहले चरण के दौरान किए गए वादे पूरे ना होने से नाराज लोगों ने इस बार इससे किनारा कर लिया।
लोगों का कहना है कि बैक टू विलेज-द्वितीय चरण में आए अधिकारियों के पास जाना समय बर्बाद करने जैसा है। पिछली बार उजागर हुई किसी भी समस्या का हल नहीं हुआ है। वहीं, धात्याल पंचायत में बैक टू विलेज-द्वितीय चरण के दौरान आए इरिगेशन फ्लड कंट्रोल अधिकारी मुख्तयार सिंह ने सरपंच परशुराम शर्मा के साथ गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
हल्का मढ़ पंचायत के पूर्व चेयरमैन गुलाब सिंह सलारिया का कहना है कि मढ़ के अस्पतालों में ना तो अच्छे डॉक्टर हैं और ना ही अच्छा स्टाफ। यहां आने वाले मरीजों को इलाज करने की बजाय जीएमसी रेफर कर दिया जाता है।
ट्रांसपोर्ट की बात करें तो हल्का मढ़, शाखा पीर, चाफर चेक, तक बस सेवा शुरू कराने के लिए बैक टू विलेज-पहले चरण के दौरान यहां आईं अधिकारी नेहा गुप्ता से गुजारिश की गई थी। इस मुद्दे को लेकर आरटीओ जम्मू से भी मुलाकात की गई थी लेकिन इस पर आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।