बाजारों में मास्क के बिना घूम रहे लोग
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना से बिगड़ते हुए हालात को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में रात दस बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लगाने का फैसला प्रशासन द्वारा कर लिया गया है। साथ ही प्रदेश में बाजारों को भी रोटेशन के आधार पर खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर के सभी बाजारों में रोजाना पचास प्रतिशत दुकानों को ही खोला जाएगा। साथ ही हर रविवार बाजारों को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। इसके लिए उपराज्यपाल द्वारा आदेश जारी किया गया है और इसे सख्ती से लागू करने को कहा गया है।
बता दें कि इससे पहले सभी जिला प्रशासन द्वारा बाजार एसोसिएशनों से सहयोग मांगा गया था। जिसके बाद जम्मू शहर के सबसे बड़े होलसेल बाजार वेयर हाउस सहित कुछ अन्य ने सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक दुकानें खोलने का फैसला अपने स्तर पर लिया था लेकिन अब वे भी रोटेशन के आधार पर ही खुलेंगे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: नए पैटर्न पर हो रही ऑनलाइन पढ़ाई, एक्टिविटी बेस्ड क्लास को दिया जा रहा महत्व
वहीं जम्मू-कश्मीर में बिना यात्री किराया बढ़ाए और 50 प्रतिशत यात्रियों के साथ यात्री वाहनों का परिचालन ट्रांसपोर्टरों को मंजूर नहीं है। उनके द्वारा जम्मू-कश्मीर में बुधवार से बस और मेटाडोर नहीं चलाने का फैसला किया गया है। इस पर जम्मू-कश्मीर के ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष टीएस वजीर का भी कहना है कि कल से सड़क पर कोई मैटाडोर नहीं दिखेगी।