जम्मू-कश्मीर में सैकड़ों गांव में मोबाइल कनेक्टिविटी से नहीं जुड़ पाए हैं। बीएसएनएल रिकॉर्ड के अनुसार 127 गांवों में मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है। ये गांव अति दुर्गम इलाकों में हैं। विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां मोबाइल टावर लगाने का काम पूरा नहीं हो पाया। अब नए सिरे से बीएसएनएल इन गांवों में सर्वे करवाएगा।
पुंछ, रियासी, लद्दाख, लेह, कारगिल, किश्तवाड़ जिले के सैकड़ों गांवों में सिग्नल की समस्या है। इन गांवों में टावर लगाने के लिए मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने भी बीएसएनएल के अधिकारियों को आदेश दिए हैं।
इस पर बीएसएनएल अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में सर्वे का काम अगले माह से शुरू होगा। जिन गांवों में सिग्नल नहीं है, वहां पर सिग्नल पहुंचाया जाएगा। उसके बाद गांवों के लाखों उपभोक्ताओं की सिग्नल की समस्या समाप्त हो जाएगी।
'जहां पर सिग्नल की समस्या चल रही है, ऐसे गांवों का सर्वे किया जाएगा। टावर लगाए जाएंगे। टावर लगने से दूरदराज इलाकों में सिग्नल की समस्या का हल किया जा रहा है।
'- अमित कुमार, ओएसडी, बीएसएनएल