जम्मू। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के न्यायाधीश संजीव कुमार को उपभोक्ता आयोगों के अध्यक्ष और सदस्यों की चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह समिति राज्य उपभोक्ता आयोग और जिला उपभोक्ता आयोगों के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के लिए बनाई गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा इसका आदेश जारी किया गया है।
विभाग के नियमों के अनुसार राज्य उपभोक्ता आयोग और जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों को राज्य सरकार द्वारा एक चयन समिति की सिफारिश पर नियुक्त किया जाता है। इस समिति में उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश या उनके द्वारा नामित उच्च न्यायालय के किसी अन्य न्यायाधीश, राज्य सरकार के उपभोक्ता मामलों के प्रभारी सचिव और राज्य के मुख्य सचिव द्वारा नामित व्यक्ति शामिल होते हैं। न्यायमूर्ति संजीव कुमार को हाईकोर्ट द्वारा इस पद के लिए नामित किए जाने के बाद चयन समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है।