भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से मात्र तीन किलोमीटर पहले हीरानगर में स्थित सन्याल पुलिस चौकी के पास हुए धमाके के मामले में रात भर की घेराबंदी के बाद वीरवार की सुबह पुलिस ने चौकी से लगभग 100 मीटर दूर एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया है। इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है।
वहां आम तौर पर पुलिस की ओर से रात के समय औचक नाका भी लगाया जाता है। बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे के लगभग हुआ धमाका उच्च तीव्रता वाला था। ऐसे में आईईडी होने की आशंका है। ओजीडब्ल्यू नेटवर्क पर शक, कुछ से पूछताछ : सूत्रों के अनुसार पुलिस पोस्ट के पास विस्फोट मामले में इलाके में सक्रिय ओजीडब्ल्यू पर शक है।
सुरक्षा बलों की ओर से इस नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है। यह आशंका जताई जा रही है कि इलाके में सक्रिय ओवर ग्राउंड वर्कर को आतंकी हैंडलर की ओर से टारगेट सौंपा गया होगा।
एसएसपी ने बताया कि सन्याल पुलिस पोस्ट के नजदीक बुधवार रात को हुए धमाके के बाद पुलिस और एसओजी ने देर रात तक जहां तलाशी अभियान चलाया, वहीं आतंकियों की इलाके में मौजूदगी की आशंका को देखते हुए रात को भी इलाके में घेराबंदी की गई।
सुबह पांच बजे के बाद एक बार फिर तलाशी अभियान चलाया गया। सुबह छह बजे के करीब पुलिस को इलाके से एक हैंड ग्रेनेड मिला है। हालांकि, किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आतंकियों की इलाके में मौजूदगी या हमले को लेकर कोई इनपुट नहीं था। क्षेत्र में गश्त और नाकेबंदी बढ़ा दी गई है।
कठुआ से जम्म्ू तक हाई अलर्ट : आईबी पर पुलिस पोस्ट के नजदीक बीती रात हुए धमाके के बाद कठुआ से लेकर जम्मू तक सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस की ओर से विभिन्न नाकों को अलर्ट कर दिया गया है। सीमावर्ती और सन्याल से सटे इलाकों में क्षेत्र के लोगों को किसी भी संदिग्ध के देखे जाने पर फौरन पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया है। उधर, अंतरराज्यीय और जिले के भीतर सभी नाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
धमाके और ग्रेनेड बरामदगी का मामला दर्ज : आईबी से सटी सन्याल पुलिस पोस्ट के पास हुए संभावित आईईडी धमाके और ग्रेनेड की बरामदगी को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस संदर्भ में हीरानगर पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर संख्या 43/2023 में आईपीसी की धारा 120बी, 121, 121ए, 122 के अलावा 3/4 विस्फोटक एक्ट और 13, 16, 18 यूएलएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है।