शौचालयों में हालत खराब, लोग सुलभ शौचालयों में जाने के लिए मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर के शालामार स्थित श्री महाराजा गुलाब सिंह अस्पताल (एसएमजीएस) के वार्ड तीन, पांच व आठ में पानी की किल्लत बनी है। इससे मरीजों के साथ तीमारदार परेशान हैं। अस्पताल के शौचालयों में पानी की किल्लत से लोगों को मजबूरन सुलभ शौचालय में जाना पड़ रहा है।
मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि शौचालय में पानी नहीं आ रहा है, जिस कारण दुर्गंध फैल रही है। कुछ में आता है, लेकिन लगातार रिसाव से पानी की टंकी खाली हो जाती है। इसके लिए प्रशासन को बताया गया है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई शौचालयों के दरवाजों पर कुंडी भी नहीं लगी है। इससे महिलाओं को अधिक परेशानी होती है।
-
बदहाली में दम तोड़ रहा वाटर कूलर
अस्पताल में ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सामने लगा वाटर कूलर बंद पड़ा है। इससे तीमारदारों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। तीमारदारों का कहना है कि यह काफी दिनों से बंद है। गर्मी में भी इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यह वाटर कूलर कम शोपीस ज्यादा बना हुआ है।
-
पत्नी को तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया था। डाक्टर ने खून की कमी बताई है। उसे चलने-फिरने के लिए मना किया है। लेकिन, वार्ड में पानी न होने से मरीज को मजबूरन बाहर ले जाने के लिए मजबूर हैं।
-जय शंकर, तीमारदार, रियासी
अधिकतर दवाई अंदर ही मिल जाती है, लेकिन कुछ दवाओं को बाहर से लाना पड़ रहा है। ऐसे में बाहर से दवाइयां महंगी पड़ती हैं। सरकार से अपील है कि अस्पताल में सभी दवाओं को उपलब्ध करवाया जाए।
-मनिंदर सिंह, तीमारदार, जम्मू
कई शौचालयों में पानी की लीकेज से लगातार उसका रिसाव हो रहा है, जिससे टंकी जल्द खाली हो जाती है और पानी की किल्लत बनती है।
इससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
-दीपक कुमार, तीमारदार, रामगढ़ (सांबा)
-
कोट
फिलहाल अभी तक ऐसी कोई समस्या सामने नहीं आई है। अगर किसी को समस्या है तो अस्पताल में बने नियंत्रण कक्ष में शिकायत कर सकते हैं। फिर भी वार्डों में निरीक्षण किया जाएगा। समस्या होने पर निदान किया जाएगा।
-डॉ. दारा सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, एसएमजीएस