अस्पतालों में पहुंच रहे 40 से 50 फीसदी मरीज खांसी, जुकाम, बुखार और एलर्जी से ग्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जनवरी में बारिश और बर्फबारी के मौसम में खुश्क सर्दी सेहत को बिगाड़ रही है। इससे बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के लोग प्रभावित हैं। इस सीजनल बदलाव में रेस्पिरेटरी वायरल इंफेक्शन हावी है। बच्चों में निमोनिया की शिकायत बढ़ी है, तो वहीं बड़े खांसी, जुकाम, बुखार और अन्य तरह की एलर्जी से पीड़ित हो रहे हैं। शहर के अस्पतालों में आने सामान्य मरीजों में से 30 से 40 फीसदी तक वायरस इंफेक्शन से पीड़ित हैं।
शहर के प्रमुख जच्चा-बच्चा अस्पताल में बाल रोग विभाग के एचओडी डाॅक्टर जीएस सैनी ने बताया कि रोजाना अस्पताल में करीब 60 बाल रोगी भर्ती हो रहे हैं, जिनमें 20 से 25 रेस्पिरेटरी वायरल इंफेक्शन से पीड़ित हैं। इनमें देरी से इलाज लेने वाले बच्चों में निमोनिया की समस्या बढ़ी है। एक साल से कम उम्र वाले बच्चों को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हो रही है।
उधर, इससे अधिक आयु वाले भी छाती संबंधी इंफेक्शन से ग्रसित होकर पहुंच रहे हैं। पूर्व चिकित्सा अधीक्षक डाॅक्टर प्रवीण योगराज ने बताया कि मौसम के बदलाव के दौरान सीजनल एक्सपोजर से लोग वायरल इंफेक्शन से पीड़ित हो रहे हैं। इसमें अभी ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन करने से परहेज करना चाहिए।
बारिश न होने के कारण खुश्क सर्दी से एलर्जी की समस्या भी बढ़ी है। वातावरण में कई तरह के प्रदूषण के कारण सेहत खराब हो रही है। मेरे पास 60 से 70 रूटीन मरीजों में से 50 प्रतिशत तक वायरल इंफेक्शन से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। इसमें चार-पांच दिन तक बुखार की शिकायत हो रही है, जबकि 15 से 20 दिन बाद गला ठीक हो रहा है।
ये हैं लक्षण और बचाव
- ठंडे पदार्थों का सेवन न करें, नाक बहने, सिर में दर्द, खांसी, गला खराब, सांस लेने में दिक्कत आदि लक्षण दिखने पर डाॅक्टर से परामर्श के बाद चिकित्सा लें
- स्वयं से इलाज न करें। साथ ही तेज एंटीबायोटिक दवाएं लेने से परहेज करें
- इलाज में पारंपरिक और आयुर्वेदिक नुस्खे अपना सकते हैं
- तापमान के मुताबिक परिधान पहनें, खासतौर पर रात के समय पर्याप्त कपड़े पहनें
- रेस्पिरेटरी इंफेक्शन से पीड़ित बच्चे को स्कूल में न भेजें, ताकि दूसरे बच्चे संपर्क में आकर बीमार न हों
- रात को अधिक जरूरी हो पर ही दोपहिया वाहन से सफर करें
जम्मू में जनवरी सूखा बीता, सिर्फ 3.8 मिलीमीटर बारिश
मंदिरों का शहर जम्मू दिसंबर की तरह नए साल में जनवरी में भी सूखा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में अब तक औसतन 63.4 मिलीमीटर बारिश की तुलना में सिर्फ 3.8 मिलीमीटर ही बारिश हुई है, जिसमें माइनस 94 प्रतिशत की गिरावट है। लगातार मौसम के साफ रहने से शुष्क सर्दी पड़ रही है। जम्मू में दिन के पारे में सुधार है, लेकिन रात में अभी ठंडक कायम है।