जम्मू। पारस के हैट्रिक गोल से जम्मू-कश्मीर बैंक अकादमी ने जम्मू स्पोर्ट्स एफसी पर आसान जीत दर्ज की। इसके साथ जम्मू गोल्ड कप अंंडर-19 फुटबाल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। मिनी स्टेडियम परेड में मुकाबले में पारस ने पांच मिनट में तीन गोल कर शानदार खेल दिखाया। 40वें, 44वें और 45वें मिनट में गोल कर जीत में अहम योगदान दिया। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले शुभम ने 9वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदल दिया। टीम के लिए अन्य दो गोल हिृदेश ने 26वें और वंश ने 35वें मिनट में किया। अन्य मैच में ड्रीम फुटबाल क्लब पुंछ ने हीरो क्लब को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। सुख मनवीर सिंह ने 16वें, 27वें और 30वें मिनट में तीन गोल कर हैट्रिक पूरी की। सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर बैंक अकादमी और उधमपुर सिटी फुटबाल क्लब के बीच मैच दोपहर एक बजे होगा। क्वार्टरफाइनल में ड्रीम एफसी और परम एफसी के बीच मैच तीन बजे से होगा। ब्यूरो