पुंछ के तीन युवाओं ने यूपीएससी परीक्षा में लहराया परचम
प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा परीक्षा यूपीएससी के शुक्रवार को घोषित परिणामों में पुंछ के तीन युवाओं ने विजय का परचम लहराया। इनमें पुंछ नगर निवासी आकाश जग्गी ने 747वां, मेंढर निवासी कोह ए सफा ने 763वां और लोरन निवासी मोहम्मद एजाज ने 869वां रैंक प्राप्त किया। इससे न सिर्फ इन तीनों युवाओं के परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है बल्कि इनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उनको और उनके परिवारों को बधाइयां दे रहे हैं।
यूपीएससी परीक्षा में 747वां रैंक प्राप्त करने वाले आकाश जग्गी पुंछ नगर के मोहल्ला खोड़ीनाड़ निवासी सेवानिवृत प्रिंसीपल दलीप जग्गी के पुत्र हैं. आकाश जग्गी इससे पहले जम्मू कश्मीर प्रशासनिक परीक्षा भी पास कर चुके हैं। वह मेंढर उपजिले में बतौर चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। आकाश जग्गी के परिजनों और रिश्तेदारों का कहना है कि हम आज बहुत खुश हैं।
869वां रैंक प्राप्त करने वाले मोहम्मद एजाज उल रहमान तांत्रे जिले की मंडी तहसील के लोरन निवासी पुंछ हवेली विधानसभा के पूर्व पीडीपी विधायक शाह मोहम्मद तांत्रे के पुत्र हैं। इससे पहले वह जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा परीक्षा पास कर चुके हैं। वर्तमान में वह रियासी में औद्योगिक इकाई में जनरल मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उनके पिता शाह मोहम्मद तांत्रे ने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा कि लोगों की दुआएं और बच्चे की कुछ कर दिखाने की जिद ने उसे आज यह सफलता दिलाई है।
नायदखाई के इरफान ने यूपीएससी परीक्षा की उत्तीर्ण
जिले के नायदखाई सोनावारी के इरफान अहमद लोन ने यूपीएससी परीक्षा पास कर ली है जिसके नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए। उनकी इस बड़ी कामयाबी से पूरे गांव और सोनावारी इलाके में बहुत गर्व और खुशी है। इरफान की कामयाबी वर्षों की लगन और कड़ी मेहनत को दर्शाती है जो उन्हें इलाके के युवाओं के लिए एक प्रेरणा देने वाली मिसाल बनाती है। उनका सफर दिखाता है कि पक्के इरादे और फोकस से सबसे मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। नायदखाई और सोनावारी के लोगों ने उनकी कामयाबी पर बहुत खुशी जताई है और दिल से बधाई दी है।
बिजबिहाड़ा के मुनीब ने पाई 581वीं रैंक, इलाके में खुशी की लहर
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा क्षेत्र के क्रांडीगाम गांव के रहने वाले मुनीब अफजल ने प्रतिष्ठित यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में 581वां ऑल इंडिया रैंक हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मुनीब की इस उपलब्धि से पूरे बिजबिहाड़ा इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। मुनीब अफजल के घर पर उनके परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है।
पुलवामा के तौसीफ को 254वीं रैंक
जिले के पुचल के रहने वाले तौसीफ अहमद गनी ने यूपीएससी परीक्षा में 254वीं रैंक हासिल की है। उनकी कामयाबी पर जिले में जश्न मनाया जा रहा है। उनके पिता का दावा है कि पुलवामा के वह पहले हैं जिन्होंने परीक्षा में इतने अंक पाए हैं। गनी के पड़ोसी फारूक अहमद ने बातचीत में कहा कि तौसीफ बहुत ही विनम्र और अच्छे इंसान हैं। पड़ोसी व क्लासमेट होने के नाते मुझे यकीन था कि इस बार वह एग्जाम पास कर लेंगे।
रितिका भान ने उत्तीर्ण की परीक्षा
बाटापोरा की रितिका भान ने यूपीएससी परीक्षा पास की है। इससे पहले उन्होंने जेकेएएस परीक्षा पास की थी। उनकी लगन और कड़ी मेहनत ने शोपियां के लोगों को बहुत गर्व महसूस कराया है और वे जिले भर के युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करती हैं। यह प्रवासी कश्मीरी पंडित समुदाय की लड़की हंै जो अभी जम्मू में रह रही हैं।
जम्मू के होनहारों में छात्राएं आगे
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के सिविल सर्विसेज एग्जाम (सीसीई) में जम्मू-कश्मीर के जिन अभ्यर्थियों ने कामयाबी हासिल की है, उनमें जम्मू के होनहार आगे हैं। इनमें भी छात्राओं ने नाम किया है। सुवन शर्मा ने इस परीक्षा में 148वीं रैंक हासिल कर नाम किया। जम्मू संभाग की ही सुगंधा गुप्ता ने 207वीं रैंक प्राप्त की है। जम्मू की रितिका भान 456 रैंक हासिल कर इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने में कामयाब रहीं, वहीं सुयश शिवम ने भी 572वीं रैंक ली। द्वारका को 721 रैंक मिली तो आकाश ने 747वीं रैंक पाई। अभिषेक 820वीं और पंकज 856वीं रैंक हासिल करने में कामयाब रहे।
यूपीएससी परीक्षा पास करने वाले युवाओं को बधाई : एलजी
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास करने वाले जम्मू-कश्मीर के युवाओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आपकी सफलता से यूटी को गर्व महसूस हो रहा है। यह सफलता प्रदेश के युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। मैं सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल और संतोषजनक कॅरिअर की शुभकामनाएं देता हूं।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले जम्मू-कश्मीर के उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए अपार गौरव का क्षण बताया। मुख्यमंत्री ने सफल उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा, उनकी यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर के युवाओं के दृढ़ संकल्प और क्षमता को दर्शाती है।