निवर्तमान अध्यक्ष बोले दो दिन में स्थिति होगी साफ, दूसरी टीम पार्कों में मांग रही समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव के तहत प्रचार जारी है। रविवार को अवकाश के चलते चुनावी गतिविधियां शून्य नजर आईं। निजी कार्यक्रमों के अतिरिक्त व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाकर समर्थन मांगने की गतिविधियां न के बराबर रहीं। निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि दो दिन में घोषणा पत्र जारी करने को लेकर स्थिति साफ कर देंगे।
चैंबर चुनाव में घोषणा पत्र जारी होने का इंतजार दूसरी टीम को है। अंदरखाने के सूत्रों का कहना है कि घोषणा पत्र जारी करने को लेकर अरुण गुप्ता की टीम के सामने असमंजस की स्थिति बन गई है। टीम राकेश की तरफ से वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे दीपक अग्रवाल ने कहा कि वह तो चाहते हैं कि घोषणा पत्र जारी किया जाए। उसको देखते हुए ही हम अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे।
व्यापारियों के प्रति जवाबदेही वर्तमान टीम की है जो दो वर्ष से चैंबर को संभाल रही थी। व्यापारियों को भी इंतजार है कि बीते चुनाव में जो मुद्दे उठाए गए थे उनमें कितने पूरे हुए हैं। अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे राकेश गुप्ता की टीम ने रविवार को गांधी नगर, कैनाल रोड,ग्रीन बेल्ट व क्षेत्र में सुबह पार्कों में टहलने वाले व्यापारियों से समर्थन मांगा।