जांच में सभी नामांकन पाए गए सही, एक मई को नाम वापस ले सकेंगे प्रत्याशी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। रविवार को सभी पदों के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच में सभी सही पाए गए। इससे स्थिति साफ हो गई है कि चुनाव में विभिन्न पदों के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। एक मई को नामांकन वापस का दिन तय है।
अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अरुण गुप्ता एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता की चुनौती होगी। दोनों टीमों के अन्य प्रत्याशियों के भी नामांकन जांच में सही मिले। रविवार शाम पांच बजे नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई जो शाम छह बजे तक चली। जांच चुनाव अधिकारी शिव प्रताप गुप्ता, मनमोहन सिंह, विजय गुप्ता व कुलभूषण गुप्ता की देखरेख में हुई। इसमें सभी 13 नामांकन पत्र सही मिले।
इन पदों के लिए ये प्रत्याशी हैं मैदान
अध्यक्ष पद : निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता व पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता
उपाध्यक्ष पद : अनिल गुप्ता व दीपक अग्रवाल
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद : राजीव गुप्ता, मनीष गुप्ता
महासचिव पद : सुनील गुप्ता, राहुल महाजन
सचिव पद : आशू गुप्ता, मानिक गुप्ता
कोषाध्यक्ष पद : राजेश गुप्ता उर्फ रिंकू, राजेश गुप्ता उर्फ राजू और राजीव लंगर
-
चुनाव निष्पक्ष कराने के लिए टीम ने दिया ज्ञापन
चैंबर चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राकेश गुप्ता की टीम ने चुनाव अधिकारी को ज्ञापन देकर आठ बिंदुओं का मांग पत्र सौंपा है। इसमें खासतौर पोलिंग एजेंट व पोलिंग स्टाॅफ की नियुक्ति पारदर्शी तरीके करने की अपील की है। इसमें किसी भी टीम में शामिल किसी का रिश्तेदार या मित्र नहीं होना चाहिए। जहां मतदान कराया जाएगा वह क्षेत्र पूरी तरह दिखाई दे। सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही जो मत नहीं डाले गए उनकी सूची प्रत्याशियों को उपलब्ध कराई जाए। बैलेट पेपर की प्रिंटिंग टीमवार कराई जाए। मतदान वाले दिन किसी प्रकार का चुनाव प्रचार मतदान केंद्र के 500 मीटर के दायरे में नहीं हो। जितनी भी टेबल मतदान वाले दिन लगाई जाएंगी उनकी जानकारी पहले से दी जाए।