जेयू में पोस्ट ग्रेजुएट और डिप्लोमा कोर्स के एडमिट कार्ड डाउनलोड होने शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर राज्य पात्रता परीक्षा (जेकेसेट) परीक्षा अब 11 मई को होगी। बीएससी नर्सिंग, पैरामेडिकल कोर्स और जेकेसेट की परीक्षा की तिथियों में टकराव के चलते जम्मू विश्वविद्यालय ने जेकेसेट की परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है। यह दोनों परीक्षा 27 अप्रैल होनी थी। पैरामेडिकल की परीक्षा निर्धारित तिथि पर होगी।
प्रदेश के सरकारी व निजी कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग, पैरामेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए जम्मू-कश्मीर व्यावसायिक प्रवेश परीक्षा बोर्ड (बोपी) की ओर से कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) लिया जा रहा है। यह 27 अप्रैल को सुबह दस से दोपहर एक बजे तक होगी। उम्मीदवारों को सुबह 8:45 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही बोपी की ओर से पैरामेडिकल डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए सीईटी 20 अप्रैल को होगा। एडमिट कार्ड 15 अप्रैल से डाउनलोड किए जा रहे हैं। यह परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए जम्मू और श्रीनगर शहर में केंद्र बनाए गए हैं।
पीजी कोर्स में दाखिले के लिए एंट्रेंस टेस्ट 25 को
जम्मू विश्वविद्यालय में विभिन्न पीजी कोर्स में दाखिले के लिए एंट्रेंस टेस्ट 25 अप्रैल को होगा। इसके जरिये 40 से अधिक पीजी कोर्स में दाखिला लिया जा सकता है। 10 अप्रैल से इसके लिए आवेदन मांगे गए थे। एडमिट कार्ड 20 अप्रैल से डाउनलोड किए जा रहे हैं। परीक्षा में 150 बहु वैकल्पिक प्रश्न होंगे। परीक्षा के लिए जम्मू, कठुआ, उधमपुर, किश्तवाड़, भद्रवाह, उधमपुर, राजोरी, पुंछ और श्रीनगर में केंद्र बनाए है। 26 अप्रैल को उत्तर कुंजी जारी होगी। जम्मू विश्वविद्यालय एक मई को इसका परिणाम घोषित करेगा। जम्मू विश्वविद्यालय अपने टेस्ट के अलावा काॅमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट-पीजी पर भी दाखिला देता है। ब्यूरो