मनाया गया 38वां दीक्षांत समारोह, 5852 विद्यार्थियों को स्नातक और 4987 को मिली स्नातकोत्तर की डिग्री
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) प्रदेश के कोने-कोने में और दूर-दराज के गांवों में शिक्षा की रोशनी पहुंचा रही है। यह बात बुधवार को इग्नू के 38वें दीक्षांत समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कही। जम्मू के कैनाल रोड स्तिथ कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दीक्षांत समारोह में 11,292 विद्यार्थियों को डिग्रियां देने की घोषणा की गई।
बुधवार को जम्मू सहित इग्नू के 39 क्षेत्रीय केंद्रों और नई दिल्ली में मुख्यालय पर एक साथ दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान देशभर में तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों को डिग्रियां देने की घोषणा की गई। जम्मू क्षेत्रीय केंद्र से भी 4987 विद्यार्थियों को स्नाक्तोत्तर, 5852 को स्नातक और 453 को डिप्लोमा सर्टिफिकेट देने की घोषणा की गई। इस दौरान समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ सिंह ने प्रदेश के कोने-कोने में शिक्षा की रोशनी पहुंचाने के लिए इग्नू की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने इग्नू के विद्यार्थी रहे आईएएस अधिकारी शांतमनु, राहत और पुनर्वास आयुक्त डॉ अरविंद कवारानी, जम्मू-कश्मीर पुलिस में डिप्टी एसपी अलबीना मलिक, केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डॉ जेएन बलिया और चेनानी विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया के सफर को प्रेरणा दायक बताया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सीएसआईआर-आईआईआईएम के निदेशक डॉ जबीर अहमद ने पुरस्कार विजेताओं को उपाधियां और डिग्रियां प्रदान कीं। अपने संबोधन में डॉ जबीर ने इग्नू को पीपुल्स यूनिवर्सिटी बताते हुए कहा कि ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग उन लोगों के लिए एक वरदान है, जो किन्ही कारणों से अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाए। समारोह में प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो, जम्मू की निदेशक नेहा जलाली भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
एसडीएम साहब को भी मिली एमए की डिग्री
दीक्षांत समारोह में उधमपुर जिले के डुडू में एसडीएम के रूप में तैनात जेकेएएस अधिकारी डॉ मनमीत कुमार को भी डिग्री प्रदान की गई। उन्हें ग्रामीण विकास और राजनीतिक विज्ञान विषय में स्नाक्तोत्तर यानी एमए की डिग्रियां दी गईं। डॉ मनमीत ने खुद दीक्षांत समारोह में आकर अपनी डिग्री प्राप्त की। समारोह के दौरान संस्थान की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि साल 2020 से 2024 तक जम्मू केंद्र में गभग 2 लाख 22 हजार विद्यार्थियों ने एडमिशन के लिए नामांकन कराया। इस दौरान डॉ. गुप्ता ने दीक्षांत समारोह को सफल बनाने के लिए अपने सहयोगियों की भी सराहना की। कार्यक्रम के अंत में डिप्टी रजिस्ट्रार तेजिंदर पाल सिंह ने सभी का आभार प्रकट किया।