देश में जम्मू 12वीं के परिणामों में चौथे और दसवीं में तीसरे स्थान पर रहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सीबीएसई की दसवीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में जम्मू संभाग के केंद्रीय विद्यालय के परिणाम में पांच फीसदी का सुधार हुआ है। जम्मू संभाग में कश्मीर और लद्दाख के केवी आते हैं। देश भर में 25 रीजन केवी हैं, जिसमें से जम्मू 12वीं में चौथे व दसवीं में तीसरे स्थान पर रहा है।
दसवीं में 28 केवी और 12वीं 35 केवी हैं। 12वीं कक्षा में इस साल जम्मू संभाग के 28 केंद्रीय विद्यालयों से 1569 ने परीक्षा दी, जिसमें से 1567 सफल रहे। पास प्रतिशत 99.87 फीसदी रहा, जो पिछले साल से पांच प्रतिशत अधिक है। 28 में से 26 केवी का परिणाम 100 फीसदी रहा है और देश भर में चौथा स्थान मिला।
वहीं, 10वीं कक्षा में इस साल जम्मू संभाग से 2287 ने परीक्षा दी जिसमें 2285 सफल रहे। पास प्रतिशत 99.91 प्रतिशत रहा और परिणाम में पिछले साल से पांच फीसदी की वृद्धि हुई। 37 में से 35 केवी का परिणाम 100 फीसदी रहा और देश भर में तीसरा स्थान हासिल किया।