पाकिस्तान की ओर से हुए ड्रोन हमले और रातभर चली गोलीबारी के बावजूद जम्मू ने सुबह होते ही जिंदगी की रफ्तार फिर से पकड़ ली। शहर में सबकुछ सामान्य नजर आया- लोग ऑफिस गए, दुकानें खुलीं और बाजारों में फिर से रौनक लौट आई।
गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से हुए ड्रोन हमले और भारी गोलीबारी की गूंज से जम्मू शहर कांप उठा। रात करीब 8:30 बजे हमला शुरू हुआ और पूरी रात धमाके और गोलीबारी की आवाजें गूंजती रही। भारतीय सेना ने हमले का माकूल जवाब देते हुए आसमान में आतंकियों के ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया।
विज्ञापन
रात भर लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहा। सुबह 4:15 बजे धमाकों की तीव्रता फिर से बढ़ी, जो सुबह तक जारी रही। लेकिन जैसे ही घड़ी ने सुबह 8 बजाए, हालात पूरी तरह सामान्य हो गए। ऐसा प्रतीत हुआ मानो कुछ हुआ ही न हो।
रोजाना की तरह लोग वॉकिंग के लिए निकले, अखबार वाला अखबार लेकर आया और दूध वाला दूध देने आया। बाजार खुला था और सब्जी-फल की दुकानें रोज की तरह सजीं। ताजी सब्जी खरीदने के लिए लोग घरों से निकले और ऑफिस जाने की तैयारी करने लगे।
विज्ञापन
बाजारों में चहल-पहल बनी रही, हालांकि डर से कुछ लोग घरों से बाहर नहीं निकले। सड़कों पर गाड़ी चलना सामान्य रहा, और जम्मू ने दिखाया कि डर के आगे हौसला है।
रात की दहशत के बावजूद जम्मू की सुबह फिर उम्मीद और जिंदादिली लेकर आई। यह शहर एक बार फिर साबित कर गया कि चाहे परिस्थिति कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हो, जिंदगी कभी रुकती नहीं।