जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से हुए 3148 नामांकन में 485 महिलाएं, लेह की 60 फीसदी भागीदारी
पुलवामा, शोपियां, कुलगाम जैसे आतंकवाद ग्रस्त जिलों से भी 731 दाखिले
अजय मीनिया
जम्मू। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के युवाओं में स्किल डिजिटल इंडिया की तरफ रुझान बढ़ रहा है। कार्यक्रम के लांच होने के बाद काफी संख्या में लोगों ने रुचि दिखाई, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। आंकड़ों से सामने आया है कि लेह जिले की महिलाएं पुरुषों से अधिक स्किल इंडिया में रुचि रखती हैं। इतना ही नहीं पुलवामा, शोपियां, कुलगाम और अनंतनाग जैसे आतंकवाद ग्रस्त जिलों से भी 731 उम्मीदवारों ने स्किल इंडिया डिजिटल पाठ्यक्रमाें में दाखिला लिया है।
अक्तूबर 2023 से लेकर अब तक 3148 लोगों ने स्किल इंडिया डिजिटल पहल के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए नामांकन किया है, जिनमें से (485) 15 फीसदी महिलाएं हैं। इनमें लेह जिले में महिला नामांकन दर 60 फीसदी के साथ सबसे अधिक है। वहीं, कठुआ में 28.39 फीसदी और बारामुला में 20.40 फीसदी महिलाओं ने नामांकन किया है। इन आंकड़ों से पता चला कि युवा न केवल पारंपरिक पाठ्यक्रम सीखने के लिए नामांकन करवा रहे हैं, बल्कि वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ब्लॉकचेन जैसी नए जमाने की प्रौद्योगिकियों के बारे में पढ़ना चाहते हैं। अस्थिर माहौल के बावजूद भी बड़ी संख्या में छात्र खुद को बेहतर बनाने और नौकरी के अवसरों के लिए तैयार होने के लिए डिजिटल शिक्षा को अहमियत दे रहे हैं। विशेष रूप से कठुआ और बारामुला जैसे ग्रामीण जिलों में महिला नामांकन में वृद्धि को शिक्षा में लैंगिक समावेशिता को बढ़ावा देने में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुल नामांकन में महिलाओं की 15.4 फीसदी भागीदारी इसका प्रमाण है। लेह जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में यह आंकड़ा 60 फीसदी है। पुलवामा, शोपियां, कुलगाम और अनंतनाग जैसे जिलों से भी 731 उम्मीदवारों ने स्किल इंडिया डिजिटल पहल के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया। यह जिले अकसर आतंकवाद ग्रस्त रहते हैं।