अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीजीपीसी) जम्मू ने हाल ही में हुए भारत-पाक संघर्ष में जान गंवाने वालों पर गहरा दुख जताया है। इसमें जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा अधिकारी डॉ. राज कुमार थापा (एडीडीसी) राजोरी सहित पुंछ जिले के सिख समुदाय के पांच सदस्य शामिल हैं।
कमेटी ने कहा कि यह उनके परिवारों व समुदाय के लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। कमेटी हमेशा शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है। डीजीपीसी जम्मू पांच सिख परिवारों में से प्रत्येक को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) अमृतसर की सराहना करती है।
डीजीपीसी जम्मू ने भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष में मारे गए लोगों के परिवारों को 10 लाख रुपये की वित्तीय राहत प्रदान करने के मुख्यमंत्री के फैसले की भी सराहना की। कमेटी ने मुख्यमंत्री से प्रभावित लोगों को वित्तीय सहायता देने की मांग की है।