संवाद न्यूज एजेंसी
नौशेरा। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 82वां रेंक हासिल करने वाली जिला राजोरी, तहसील नौशेरा की बेटी सिमरन बाला को सम्मानित करने के लिए न्यू नेशनल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि करतार सिंह एडीसी नौशेरा ने कहा कि सिमरन की सफलता से जिला सहित प्रदेश का नाम हुआ है। पृथ्वी खोखर चेयरमैन न्यू नेशनल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, मुख्य अतिथि करतार सिंह एडीसी नौशेरा, नरेंद्र शर्मा चेयरमैन म्युनिसिपल कमेटी, पार्षद रोहित कोहली, अनिता खोखर आदि ने सिमरन बाला को सम्मानित किया और शुभकामनाएं दी।
सिमरन बाला पुत्री विनोद चौधरी निवासी वार्ड 13 नौशेरा की रहने वाली हैं। सिमरन को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट का पद मिला है। सिमरन ने बताया कि कड़ी मेहनत और निरंतर पढ़ाई से उन्हें यह सफलता मिली। सिमरन बाला ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा की कड़ी मेहनत और लगन से काम करने पर कठिन से कठिन मंजिल हासिल हो जाती है। सिमरन ने बताया कि मेहनत करने वालों की हमेशा जीत होती है। आगे उन्होंने कहा कि कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ रोजाना 8 घंटे पढ़ाई करती थी। अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता के साथ-साथ शिक्षकों को दिया। साथ ही कहा कि मुझे जो सेवा का मौका मिला है मैं उसे ईमानदारी के साथ निभाऊंगी। सिमरन की माता सुरेष्टा देवी गृहणी हैं और पिता विनोद चौधरी शिक्षक हैं। इस मौके पर सनातन धर्म सभा के प्रधान जगदीश चंद्र साहनी, अनिता खोखर, पार्षद मोहम्मद अफजल, अजय चौदरी, विनोद कुमार शर्मा, डाली शर्मा, लेक्चरर दीपक शर्मा, आंचल रैना आदि मौजूद रहे।