आयुक्त सचिव ने शुरू की 2.0 स्वच्छता पहल, 21 से 24 तक होंगे कार्यक्रम
सफाई और पेंटिंग सहित अन्य प्रतियोगिताएं होंगी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश में 76वें गणतंत्र दिवस के जश्न के लिए आवास और शहरी विकास विभाग की आयुक्त सचिव मनदीप कौर ने स्वच्छ तंत्र गणतंत्र की शान, स्वच्छता से बने महान के साथ 2.0 स्वच्छता पहल की शुरुआत की। अब 21 से 24 तक स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। आयुक्त सचिव ने स्वच्छता पहल के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान विकास के मूलभूत पहलू के रूप में स्वच्छता को बढ़ावा देगा। जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को समुदाय-आधारित स्वच्छता पहल (जन आंदोलन) में शामिल करने और गणतंत्र दिवस को एक स्वस्थ साझा प्रयास में नागरिकों को एकजुट करने के लिए एक मंच के रूप में उपयोग करने के लिए डिजाइन किया गया है।
उन्होंने सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के कार्यकारी अधिकारियों को गतिविधियों के कैलेंडर के अनुसार अपने संबंधित यूएलबी में स्वच्छता अभियान को अक्षरश: लागू करने की सलाह दी।
स्वच्छता पहल के बारे में जानकारी देते हुए मिशन निदेशक डॉ. देवांश यादव (आईएएस) ने कहा कि 76 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, हमारे यूएलबी को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जन आंदोलन के लिए विभिन्न गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। इनमें जल निकायों पर जोर देने के साथ सामुदायिक स्वच्छता अभियान, प्लॉग रन, कचरा हॉट स्पॉट को साफ करना, नुक्कड़ नाटक, ओपन पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष स्वच्छता अभियान, स्कूल सहभागिता कार्यक्रम और गहन डिजिटल अभियान शामिल हैं। पेंटिंग प्रतियोगिता सभी आयु समूहों के लिए होगी।
यह प्रतियोगिता प्रतिभागियों को स्वच्छ, हरित जम्मू और कश्मीर के लिए अपनी रचनात्मकता और प्रतिबद्धता दिखाने के लिए आमंत्रित करेगी। आकर्षक ईनाम दिए जाएंगे। इस मौके पर आयुक्त ओवैस अहमद, शहरी स्थानीय निकाय मनीषा सरीन और अन्य मौजूद रहे।