देवस्थान में दर्शन के लिए कतारों में बारी का इंतजार करते श्रद्धालु। संवाद
श्री बाबा अंबो देव बाग-ए-बाहु में धूमधाम से मनाई गई खजूरिया बिरादरी की वार्षिक मेल
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। मकर संक्रांति के अवसर पर बाग-ए-बाहु के पास स्थित श्री बाबा अंबो जी देवस्थान पर मंगलवार को खजूरिया बिरादरी की वार्षिक मेल धूमधाम से मनाई गई। इसमें जम्मू, कठुआ और उधमपुर सहित हिमाचल प्रदेश, पंजाब और दिल्ली आदि राज्यों के बिरादरी सदस्यों ने हिस्सा लिया।
वहीं, देवस्थान में माथा टेककर व हवन में आहुतियां डाल कर बिरादरी सहित प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक कार्यक्रम के लिए बिरादरी सदस्यों का अलसुबह से ही पहुंचना शुरू हो गया था। कार्यक्रम कि शुरुआत आठ बजे हवन से हुई और 11 बजे पूर्णाहुति डाली गई।
मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक रौनक लगी रही। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए थे। इस दौरान रियासी के लोक गायक कुलदीप खजूरिया ने भजनों के माध्यम से कुलदेवता की महिमा का गुणगान किया। मंदिर परिसर में लंगरों का भी आयोजन हुआ।
इसके अलावा चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ ही दवाइयां भी वितरित की गईं। खजूरिया बिरादरी के उपप्रधान कुलदीप खजूरिया ने बताया की हर साल श्री बाबा अंबो देवस्थान पर वार्षिक मेल का आयोजन होता है।