दोनों में से एक का है आपराधिक इतिहास पिस्तौल, 16 गोलियां और हेरोइन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो कुख्यात अपराधियों को पकड़ा है। दोनों ने पिछले दिनों निक्की तवी इलाके में गोलीबारी की थी। पुलिस ने दोनों से मिली जानकारी के आधार पर एक पिस्तौल सहित 16 गोलियां और हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार दोनों अपराधियों में से एक का विस्तृत आपराधिक भी है।
तीन नवंबर को शाइस्ता पत्नी मोहम्मद खलील निवासी गुज्जर नगर ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उसके 25 वर्षीय बेटे इमरान पर दो अज्ञात युवकों ने दो-तीन नवंबर की मध्यरात्रि को निक्की तवी इलाके में जान से मारने के इरादे से गोली चलाई थी। इसमें इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया, जोकि फिलहाल जीएमसी में भर्ती है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। इसके बाद 100 सीसीटीवी कैमरों की सहायता से करीब 20 संदिग्धों को चिह्नित किया गया। बाद में मुखबिर की सूचना पर रविवार को चौथे तवी पुल पर टी-चौक के पास नाका लगाकर जांच शुरू की गई। इसमें पुलिस ने काले रंग की क्रेटा कार को रोका। जांच के दौरान कार में सवार हुसैन खटाना निवासी काशवान (अनंतनाग) और मोहम्मद रमजान निवासी रगूड़ा से 18 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की। इसमें दोनों ने निक्की तवी में गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात कबूल कर ली। बता दें कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रमजान का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ संभाग के विभिन्न थानों में गोवंश तस्करी, एनडीपीएस और हत्या के प्रयास से संबंधित नौ मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह बागे-ए-बाहु थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार था।
आरोपी बोले- नशा तस्कर का करीब था इमरान
दोनों ने बताया कि एक ड्रग तस्कर से झगड़े के चलते उन्होंने इमरान पर गोली चलाई थी, क्योंकि इमरान उस ड्रग तस्कर का करीबी था। बाद में पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक पिस्तौल व 16 गोलियां बरामद की। घटना में प्रयोग की गई कार भी जब्त की है।