गृह मंत्रालय से बात कर हैंडलरों तक पहुंचने के प्रयास जारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रामबन पुलिस द्वारा गिरफ्तार पंजाब के कुख्यात नशा तस्कर मंजीत सिंह के विदेशी हैंडलरों तक पहुंचने की तैयारी है। पुलिस गृह मंत्रालय से बात करके इंटरपोल के जरिए हैंडलर को जम्मू लाने का प्रयास कर रही है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मंजीत सिंह के संपर्क में पंजाब सहित वहां जेलों में बंद कुछ अन्य नशा तस्कर भी हैं। हालांकि, कुपवाड़ा से गिरफ्तार पोर्टरों के मामले में पूरी जानकारी पुलिस तक पहुंच गई है। आतंकियों के जरिए यह पोर्टर नशा तस्करी कर रहे थे। इनके संपर्क में आने वाले लोगाें को पुलिस ने दबोचा है। लेकिन मंजीत सिंह के संपर्क में रहने वाले अभी कुछ लोग पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस ने इन तस्करों की धरपकड़ के लिए आधा दर्जन टीमों का गठन किया है। यह टीमें पंजाब के अलावा कुछ अन्य स्थानों पर दबिश के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं, पुलिस सोमवार को मंजीत सिंह को फिर से रिमांड पर लेगी, क्योंकि उसके अन्य साथियों तक पहुंचने के लिए पूछताछ करनी है।
मंजीत के संपर्क में कुछ और लोग भी हैं, जिन्हें दबोचने के प्रयास जारी हैं। क्योंकि, यह मामला आतंकवाद से जुड़ा हुआ है। इसलिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रख कर जांच कर रही हैं। मामले में अभी काफी कुछ सामने आएगा।
- सुनील गुप्ता, डीआईजी