बख्शी नगर पुलिस ने नाके के दौरान पाई सफलता
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बख्शी नगर पुलिस ने सोमवार को आठ ग्राम हेरोइन के साथ एक कुख्यात नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करमजीत सिंह उर्फ चमकोर निवासी मीरां साहब के रूप में हुई है।
ड्रग तस्कर पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। तस्कर से पुलिस ने 8 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है। मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बख्शी नगर में पुलिस की ओर से नाका लगाकर नियमित जांच की जा रही थी। इस दौरान बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट वाली कार को रोका। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगा। नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन भी बरामद की गई।
इसके बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी कई सालों से शहर में नशा तस्करी में संलिप्त रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।