नौ दुकानदारों की शिकायत पर अपराध शाखा जम्मू ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। दिल्ली की कंपनी बाबा इंफ्राटेक कॉरपोरेशन के खिलाफ जम्मू के दुकानदारों से करीब 1.70 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई नौ दुकानदारों की शिकायत पर की गई है।
शिकायत में दुकानदारों ने कंपनी के दो अधिकारियों पर ठगी के आरोप लगाए हैं। आरोपियों की पहचान जयपुर निवासी तनवीर चौधरी व अनिंदो अचिंतो निवासी एलांजा माल वेस्ट मुंबई के रूप में हुई है। आरोपियों ने खुद को बाबा इंफ्राटेक कॉरपोरेशन का अधिकारी बताते हुए जम्मू के दुकानदारों से संपर्क किया और 20 साल के लिए दुकानें किराये पर दिलवाने का वादा किया।
इस दौरान दुकानदारों से बयाने के नाम पर 1.70 करोड़ रुपये लिए। लेकिन, कुछ समय बाद जब कंपनी की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया तो दुकानदारों को कंपनी की कार्यप्रणाली पर संदेह हुआ।
इसके बाद नौ दुकानदारों ने वीरवार को अपराध शाखा जम्मू में एक संयुक्त शिकायत दर्ज करवाई। इसमें पीड़ित दुकानदारों ने बताया है कि दोनों आरोपी खुद को बाबा इंफ्राटेक कॉरपोरेशन के शीर्ष अधिकारी बताते थे। उन्होंने जम्मू की पॉश इलाकों गांधी नगर, ग्रीन बेल्ट आदि स्थानों पर दुकानें बनवाकर 20 साल के लिए मामूली से किराये पर देने का वादा किया था।
कुछ महीनों तक वादे के अनुसार कोई भी काम नहीं होने पर दुकानदारों ने पूछताछ शुरू की। कुछ समय तक आरोपी टालते रहे और अचानक से बात करना बंद कर दी व इंटरनेट से भी गायब हो गए।
फिलहाल नौ दुकानदारों की शिकायत मिली है, जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हो सकता है कि मामले में अन्य लोगों के साथ भी ठगी हुई हो। इस हाई प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हर एक पहलू की जांच की जाएगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए प्रदेश के बाहर भी दबिश दी जाएगी।
- बेनाम तोष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपराध, जम्मू