चालक घायल वाहन के टूटे शीशे, बेलीचराना क्षेत्र में पुलिस दल के साथ कार्रवाई करने गई थी टीम
पथराव के चलते डीएमओ व टीम ने भाग कर बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिले में खनन माफिया बेखौफ होता जा रहा है। शिकायत के बाद वीरवार रात को बेलीचराना क्षेत्र में जिला खनन अधिकारी (डीएमओ) के नेतृत्व में पुलिस की मौजूदगी में तवी में खनन रोकने गई टीम पर खनन माफिया ने परिवार सहित हमला कर दिया।पथराव में जिला खनन अधिकारी के वाहन के शीशे टूट गए और उनका चालक भी घायल हुआ है।
वहीं, जिला खनन अधिकारी वीरेंद्र सिंह और टीम को मौके से भाग कर जान बचानी पड़ी। हमलावरों ने वाहन के शीशे तक तोड़ डाले और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में कैनाल पुलिस चौकी में जिला खनन अधिकारी की तरफ से शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि उन्हें तवी रिवर फ्रंट का निर्माण कर रही कंपनी की तरफ से शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया था कि रात के समय बेलीचराना क्षेत्र के कुछ खनन माफिया रोजाना तवी से खनन करने आते हैं। इसके बाद जिला खनन अधिकारी वीरवार रात को पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जब उन्होंने खनन माफिया के वाहनाें को रोकना चाहा तो उन्होंने हमला कर दिया। उनके बचाव में उनके परिवार के लोग भी उतर आए। साथ ही टीम और उनके वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। रात के चलते पता नहीं चल पा रहा था कि कहां से पत्थर आ रहे हैं। किसी तरह वहां से भाग कर जान बचाई है।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए
खनन अधिकारी ने कैनाल रोड पुलिस चौकी में लिखित में शिकायत दी है। खनन अधिकारी ने बताया कि यह जानलेवा हमला था। इसमें उनकी जान तक जा सकती थी। आरोपियों ने पथराव किया है। बड़े-बड़े पत्थर फेंके हैं। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह पहला हमला नहीं। इसके पहले भी ऐसी वारदातें हो चुकी हैं। लिहाजा इस संबंध में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
पूर्व डीएमओ पर भी हमला हो चुका
बता दें कि पूर्व डीएमओ गुलशन कुमार पर भी इसी इलाके में कई बार हमला हो चुका है। इस संबंध में भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। लेकिन, इसके बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है, जिस कारण उनके हौसले बुलंद हो चुके हैं।
खनन माफियाओं के पथराव में क्षतिग्रस्त डीएमओ का वाहन: स्रोत संवाद
खनन माफियाओं के पथराव में क्षतिग्रस्त डीएमओ का वाहन: स्रोत संवाद
खनन माफियाओं के पथराव में क्षतिग्रस्त डीएमओ का वाहन: स्रोत संवाद
खनन माफियाओं के पथराव में क्षतिग्रस्त डीएमओ का वाहन: स्रोत संवाद