जम्मू में अब अगर आप ट्रैफिक सिग्नल जंप कर रहे हैं और इनके सामने से गुजरकर यातायात नियम तोड़ रहे हैं तो जेब ढीली करने को तैयार हो जाएं। आपके मोबाइल फोन पर एक संदेश आएगा और तब आपको जोर का झटका लगेगा कि आपको नियम तोड़ने का इतना जुर्माना लगा है।
यही नहीं, आपने कहां पर कौन सा नियम तोड़ा और इसका कितना भुगतान करना पड़ेगा। इसकी तमाम जानकारियां आपके मोबाइल पर पहुंच जाएंगी, वो भी आपके वाहन चलाते वक्त वाहन की तस्वीर के साथ। शहर के ट्रैफिक सिग्नल पर इंटेलिजेंस कैमरे इंस्टॉल कर दिए गए हैं। जो हेलमेट न पहनने वालों, पिछली सीट पर हेलमेट न पहनने वालों, ट्रिपल सवारी करने वालों, सिग्नल जंप करने वालों के आटोमेटिक चालान काटेंगे।
इन कैमरों में वाहन का नंबर और वाहन चालक की फोटो खींच ली जाएगी। इन कैमरों को कंट्रोल करने वाले देखेंगे। इसके आधार पर चालान कटेगा और वाहन चालक के मोबाइल नंबर पर ई चालान चला जाएगा। शहर में कई जगहों पर यह कैमरे लगा दिए गए हैं। हर दिन शहर में औसत 50 से 60 चालान ट्रायल के तौर पर काटे जा रहे हैं।
नियम तोड़ने वालों पर नजर
कई लोग यातायात कर्मियों को भी गच्चा देकर भाग जाते हैं। कई लोगों को आदत होती है कि बिना हेलमेट के चलेंगे। ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए इंटेलिजेंस कैमरे ट्रैफिक सिग्नल पर लगाए गए हैं। शहर के एशिया चौक, बिक्रम चौक आदि पर इन कैमरों को ट्रायल के रूप में इस्तेमाल किया गया है। यातायात पुलिस और नगर निगम के पास संयुक्त रूप से कंट्रोल रूम है। यहां पर इन कैमरों की निगरानी होती है। इन कैमरों में नियम तोड़ने वाले की तस्वीर और उसके वाहन का नंबर कैद हो जाता है। इसके बाद चालान कट कर उसके मोबाइल पर पहुंच जाता है।