गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य के अवसर पर जम्मू शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष आयोजन किए गए हैं। इस क्रम में मंगलवार को चांद नगर गुरुद्वारे से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न गुरुद्वारों से संगत शामिल हुई। नगर कीर्तन की शुरुआत चांद नगर गुरुद्वारे से की गई, जो विवेकानंद चौक, गुम्मट क्रासिंग, जेपी चौक, डोगरा चौक, बिक्रम चौक, ग्रीन बेल्ट पार्क, गांधी नगर, शिवाजी चौक, खालसा चौक से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, गुरु नानक नगर की ओर बढ़ी।
इस दौरान गतका, गुरुबाणी के साथ-साथ अन्य धार्मिक आयोजन किए जा रहे है। विभिन्न स्कूलों के बच्चे शामिल होकर गुरु के उपदेशों का संदेश देते हुए दिखे। प्रचारक भाई हरप्रीत सिंह मखु, भाई हरमीत सिंह, संगीतकार भाई हरभजन सिंह नहाल, पंथक कवि भाई अवतार सिंह तारी, पंथक दी आवाज भाई बलवीर सिंह कमल दसुआ वाले, भाई सुलखन सिंह जम्मू वाले आदि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं।
इसके अलावा डिस्ट्रिक्ट गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जम्मू की तरफ से पांच जनवरी को चांद नगर गुरुद्वारे में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें अन्य राज्यों से आए हुए प्रचारक, कवि, संगीतकार आदि भाग लेकर कार्यक्रम को भव्य रूप देंगे।