काम शुरू, सर्दियों में लोड बढ़ने जलने की रहती है संभावना
करीब ढाई से तीन लाख लोगों को मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सर्दियों में लोगों को बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर में कम क्षमता के ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड करने का काम शुरू हो गया है। इसके लिए 30 से ज्यादा ट्रांसफार्मरों को चिह्नित किया गया है।अब सर्दी में लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मरों के जलने की संभावना नहीं रहेगी।
जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मरों के जलने से छह से आठ घंटे तक लोगों को ठंड से जूझना पड़ता है। लेकिन, बिजली कारपोरेशन की पहल के चलते लोगों को यह परेशानी नहीं होगी। इससे करीब ढाई से तीन लाख लोगों को राहत मिलेगी।
बिजली कारपोरेशन के अनुसार सिद्दड़ा, मझीन, ट्रांसपोर्ट नगर, नरवाल, बाहु, नानक नगर, संजय नगर, कुंजवानी, तालाब तिल्लो और बख्शी नगर आदि स्थानों में लगे ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड किया जाएगा।
शहर में ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड करने पर काम 2020 में आरंभ हुआ था। इसमें 900 के करीब ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। मोहल्लों में ट्रांसफार्मरों घरों के कुल लोड पर लगे हैं। लोड कम दर्शाने के कारण कुछ जगहों में ट्रांसफार्मर कम क्षमता के लग गए।
सर्दी और गर्मी में लोड बढ़ जाता है, जिससे इनके जलने की समस्या पेश आती है। अब लोग सर्दी में परेशान न हो इसके लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है।
लोड के हिसाब से ट्रांसफार्मर अपग्रेड किए जाएंगे। इसका कार्य शुरू हो गया है। 30 से ज्यादा ट्रांसफार्मरों को चिह्नित किया गया है। इससे लोगों को राहत मिलेगी।
- अवनीत गुप्ता, एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन