नहरों की सफाई के दौरान 2024 में हुई थी क्षतिग्रस्त, राहगीरों के लिए बनी खतरा
रणबीर नहर के किनारे बनाया गया है फुटपाथ, आवाजाही करने में आ रही दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बख्शी नगर मोड़ से राजपुरा चुंगी तक उखड़ी रेंलिंग दोबारा लगेगी। पहले स्मार्ट सिटी परियोजना और सड़क निर्माण कार्य के कारण रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे राहगीरों को आवाजाही में परेशानी आ रही थी। सड़क किनारे रणबीर नहर है। इससे हर समय हादसों की संभावना बनी रहती है।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस पर 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। क्षतिग्रस्त रास्ते की भी मरम्मत होगी। इस मार्ग से बख्शी नगर, सुभाष नगर, राजपुरा चुंगी, राजपुरा, तोफ शेरखानियां सहित अन्य इलाकों की ओर आवाजाही करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
मौजूदा समय में रास्ता पांच किलोमीटर तक बनाया गया है। इसमें आधे से ज्यादा रास्ते से रेलिंग गायब है। नहर के दूसरी तरफ ग्रीन स्पेस तैयार किया गया है। लोग ज्यादातर इसी रास्ते का प्रयोग कर रहे हैं।
रास्ता इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि लोग सुबह सैर करने भी आते हैं। बख्शी नगर मोड से लेकर कैनाल हेड तक सड़क का भी ऐसा ही हाल है। यहां पर सड़क के साथ रास्ते का निर्माण किया गया है। इस कारण रेलिंग क्षतिग्रस्त हुई। अब नए सिरे से काम हो रहा है।
क्षतिग्रस्त रेलिंग को ठीक करवाया जाएगा। परियोजनाओं का काम चल रहा है। रेलिंग लगने व मरम्मत कार्य होने से राहगीरों को राहत मिलेगी।
- राजेश अबरोल, जीएम, स्मार्ट सिटी