फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: गर्मी से झुलसा जम्मू, पारा 41 पार, श्रीनगर में तापमान सामान्य से 8.6 डिग्री अधिक

विज्ञापन
विज्ञापन
दिनभर तपिश के बाद देर शाम उमस और आंधी
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में गर्मी अब चरम पर है। लगातार पार चढ़ रहा है। जम्मू के मैदानी इलाकों के साथ कश्मीर के पर्वत भी तप रहे हैं। कई दिनों से पारा सामान्य से अधिक चल रहा है। बुधवार को गर्मी से झुलसे जम्मू में पारा 41 डिग्री के पार पहुंच गया। श्रीनगर में भी तापमान सामान्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, कश्मीर में पिछले कई दिनों से पारा सामान्य से ऊपर ही बना हुआ है। बुधवार को घाटी में सबसे गर्म स्टेशन काजीगुंड रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
विज्ञापन

इसके अलावा श्रीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह भी सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अलावा, घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थान गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक), जबकि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक) और पहलगाम में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक) जबकि न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक) तापमान रिकॉर्ड किया गया।


जम्मू संभाग में भी बढ़ रहा पारा

इस बीच जम्मू संभाग में सबसे अधिक तापमान जम्मू शहर में रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस (दोनों सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक) रिकॉर्ड किया गया। कटरा में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक) जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री (सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक) रिकॉर्ड किया गया। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 21-31 मई तक मौसम के सामान्य रूप से गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।

-
मौसम विभाग का पूर्वानुमान

23 मई तक कश्मीर मंडल के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना के साथ अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।
26 मई तक जम्मू मंडल में लू चलने की संभावना के साथ अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि।

दोपहर के समय कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने/तेज हवाएं चलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।


डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की दी सलाह
अमर उजाला ब्यूरो

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में बढ़ती गर्मी के बीच डॉक्टरों ने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने कहा है कि तापमान बढ़ रहा है। ऐसे में बचाव करना बेहद जरूरी है।
डायरेक्टरेट ऑफ हेल्थ सर्विसेज (डीएचएसके) के जनरल फिजिशियन डॉ. मुर्तजा ने बताया कि वर्तमान तापमान अभूतपूर्व है। गर्मी से बचने के लिए भरपूर पानी, ओआरएस जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स, लस्सी, नींबू पानी और ताजा जूस जैसे पारंपरिक पेय पदार्थों के साथ हाइड्रेटेड रहना महत्वपूर्ण है। उन्होंने पैकेज्ड जूस और अत्यधिक चाय या कॉफी का सेवन न करने की भी सलाह दी, क्योंकि वे डिहाइड्रेशन बढ़ाते हैं।

डॉ. मुर्तजा ने कहा, जब तक बिल्कुल आवश्यक न हो, बाहर जाने से बचें। सामान्य से एक से तीन लीटर अधिक तरल पदार्थ का सेवन करें। इसके अलावा तंग कपड़ों के बजाय हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। धूप से बचने के लिए सिर पर स्कार्फ, टोपी या छाते का उपयोग करें। सनस्क्रीन लगाएं।
वहीं, डॉ. रुखसाना ने भी गर्मी से संबंधित बीमारी के लक्षणों को पहचानने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान के बीच बच्चों, बुजुर्गों और मौजूदा चिकित्सा स्थितियों वाले लोगों को ज्यादा सतर्कता बरतनी चाहिए।
विज्ञापन



प्रशासन भी कर चुका है सतर्क

कश्मीर में तापमान में वृद्धि के कारण श्रीनगर के जिला प्रशासन ने भी मंगलवार को एडवाइजरी जारी की थी। इसमें नागरिकों से विशेष रूप से दोपहर 12 से तीन बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें