चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर हार के बाद शहर ने मनाया जश्न
उधर जीत को चाहिए थे 15 रन...इधर आतिशबाजी से कर दिया जीत का एलानचैंपियंस ट्रॉफी में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद सड़कों पर निकले क्रिकेट प्रेमियों ने मनाया जश्न
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिस शहर में अंधेरा ढलते ही सड़कें सांय-सांय करती हैं, वहां रविवार को नजारा एकदम अलग था। चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के जश्न में डूबे जम्मू के क्रिकेट प्रेमी हाथों में तिरंगा लहराते, दिल में जोश और जुबां पर भारत माता की जय का उद्घोष करते सड़कों पर नजर आए। जीत के लिए 15 रन बाकी रहते ही आतिशबाजी कर शहरवासियों ने भारत की जीत का एलान कर दिया था। महज कुछ मिनटों बाद ही धूम-धड़ाका और सायरन बजाती पुलिस की गाड़ियां बता रही थीं कि चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को भारत ने हरा दिया है।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज कर शहरवासियों को एक बार फिर दिवाली मनाने का मौका दिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में भारत ने छह विकेट से जीत हासिल जिसके बाद शहर में जश्न का माहौल शुरू हुआ। पटाखों से शहर गूंजने लगा तो आतिशबाजी से चारों ओर रोशनी बिखरी। लगभग एक घंटे तक शहर में हर तरफ ऐसा ही माहौल रहा।
दोपहर से ही डटे रहे, रात होते ही टोलियों में निकले
दोपहर 2:30 बजे से अपने टीवी और मोबाइल फोन से सामने डटे रहे लोगों ने भारत की जीत के बाद जम कर जश्न मनाया। जैसे ही विराट कोहली के चौका लगाकर मैच जीतने के साथ-साथ अपना शतक लगाया तो पूरे शहर में जीत का जश्न शुरू हो गया। क्रिकेट प्रेमी खुले मैदान में निकल आए और आतिशबाजी करने लगे। शहर के कच्ची छावनी, पंजर्तीथी, छन्नी हिम्मत, तालाब तिल्लो, रेजिडेंसी रोड सहित अन्य इलाकों में युवाओं की टोली अपनी गाड़ियों पर चक्कर लगाती हुई भारत माता की जय के जयघोष लगाने लगी। पूरे शहर में जगह-जगह भारत की पाकिस्तान पर धमाकेदार जीत का जश्न आतिशबाजी और पटाखे फोड़कर किया गया। युवाओं की टोलियां हाथ में तिरंगा झंडा लिए जश्न मानने पहुंची। रात दस बजे शुरू हुआ जश्न का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। महाशिवरात्रि से पहले मिली इस जीत ने जश्न को दोगुना किया।
जमकर डांस किया और गूंजता रहा इंडिया-इंडिया
देश भक्ति के गीतों पर जमकर डांस किया। इस दौरान भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद के जयघोष लगते रहे। सड़कों पर निकल युवाओं की टोलियां और झूमती-गाती हुई इंडिया-इंडिया के नारे लगाना शुरू हो गई। युवाओं ने कहा कि पूरे मैच भारत ने पाकिस्तान को बैकफुट पर रखा। पहले गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन कर फिर अपने बल्ले का जौहर दिखाया। महाशिवरात्रि को लेकर शहर में पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। शहर में जैसे ही युवाओं का काफिला निकला तो पुलिस ने उन्हें बिना हुड़दंग करते हुए जीत का जश्न मनाने के लिए कहा। क्रिकेट प्रेमियों ने भी पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए जश्न मनाया।
इनसेट
गाड़ी के बोनट पर चढ़ कर झूमने लगे
- मैच में पाकिस्तान पर विजय हासिल करते ही जम्मू में युवाओं,बच्चों व महिलाओं के हदृय में देश प्रेम की भावना उमड़ पड़ी। लोग कच्ची छावनी चौक पर हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे, कोई गाड़ी की बोनट पर बैठा तिरंगा लहराता दिखाई दिया तो भारत माता के जयकारे के बीच विजय का उल्लास देखते ही बना।
इनसेट
विधायक युद्धवीर पहुंचे तो युवाओं ने ली सेल्फी
- विजय के जश्न के बीच डूबे जम्मू शहर में एक नया रंग, नई उमंग दिखाई दी। जम्मू पूर्व से विधायक युद्धवीर सेठी भी युवाओं के बीच जश्न मनाने पहुंच गए। फिर क्या था युवाओं ने भारत माता की जयकारों के बीच उनके साथ सेल्फी ली। युवाओं में तिरंगा लहराने की ऐसी होड़ मची कि लगा जैसे हमने सब कुछ पा लिया हो।