केंद्रीय विद्यालय में नए परिसर के लिए नींव का पत्थर रखते केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह।
जम्मू। शहर के राया सुचानी (बागला) स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में रविवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर बनने वाले नए शिक्षा परिसर का नींव पत्थर रखा। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू उत्तर भारत में शिक्षा के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। इसके 100 किलोमीटर से कम के दायरे में कई महत्वपूर्ण पेशेवर और उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हो गए हैं, जिनमें आईआईटी, आईआईएम, केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू विश्वविद्यालय और एम्स सहित चार मेडिकल कॉलेज, दो गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ-साथ आगामी उत्तर भारत का पहला बायोटेक टेक्नोलॉजी पार्क कम रिसर्च सेंटर और बैम्बू ट्रेनिंग सेंटर आदि शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू भारत का पहला केंद्रीय विश्वविद्यालय है, जिसके पास पंडित मालवीय के नाम पर इस तरह का शैक्षणिक परिसर है। उन्होंने कहा पंडित मदन मोहन मालवीय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अग्रणी शिक्षाविदों में से थे, लेकिन उनके योगदान को किसी भी तरह से मान्यता नहीं मिली, जिसके वे हकदार थे और उन्हें यह एक श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि कुछ देर पहले उन्हें इसी विश्वविद्यालय के परिसर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर छात्रावास का उद्घाटन करने का अवसर मिला था जो संभवत: कोलकाता के बाहर किसी भी सरकारी विश्वविद्यालय में मुखर्जी के नाम पर रखा गया पहला ब्लॉक है। वहीं इस दौरान प्रो. अशोक आइमा ने केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा हासिल की गई कई उपलब्धियों के बारे में बताया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. अशोक आइमा, जम्मू विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. मनोज धर आदि मौजूद रहे।