मोदी सरकार के एक साल पूरा होने पर उपलब्धियों का बखान करने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह 27 मई बुधवार को जम्मू पहुंचेंगे और उनका सामना यहां पर बंद से होगा। जम्मू में एम्स खोलने और कृत्रिम झील के जल्द निर्माण के लिए विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और अन्य संगठनों की ओर से 27 मई को जम्मू बंद का आह्वान किया गया है।
जम्मू कोआर्डिनेशन कमेटी के झंडे तले होने वाले बंद में जानकारों के अनुसार जन समर्थन भी मिल सकता है। 27 मई को ही केंद्रीय गृहमंत्री को जम्मू के लोगों की आवाज सुनने को भी मिल सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार गृहमंत्री रिजार्ट बोहड़ी में पार्टी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के अलावा एशिया होटल में संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्र का कहना है कि पार्टी को 27 मई को जम्मू बंद की जानकारी है। एम्स जम्मू में खुले और कृत्रिम झील भी बने, इसके लिए अगर लोग सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाना चाहते हैं तो ठीक है। लोगों को ऐसा करने का अधिकार है। पार्टी जन आकांक्षाओं को पूरा करेगी।