जम्मू। नशे के खिलाफ शक्ति उद्घोष फाउंडेशन की ओर से शहर में नशे के खिलाफ महिला बाइक अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में फाउंडेशन के सदस्यों ने दी। इसका उद्देश्य शहर में बढ़ रहे नशीली दवाओं के दुरुपयोग व तस्करी के प्रति लोगों को जागरूक करना है। संगठन की समन्वयक दिव्या शर्मा ने कहा कि हमारे फाउंडेशन द्वारा एक मार्च से लेकर चार मार्च तक एक महिला बाइक यात्रा निकाली जाएगी। इसका नाम नशा मुक्त सीमाएं हैं। इसके तहत कठुआ से लेकर पुंछ तक बाइक यात्रा के द्वारा लोगों को जागरूक किया जाएगा। संस्थापक प्रीति चौधरी ने कहा कि यह पहल पूरे भारत के लोगों में बढ़ती नशीली दवाओं की समस्या से लड़ने व प्रदेश के युवाओं की सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। अभियान के द्वारा स्थानीय लोगों से मिलकर नशा मुक्त जागरूकता संदेश देंगे। संवाद