जगह-जगह लगे गंदगी ढेरों से माहौल हो रहा दूषित, लोगों ने प्रशासन व विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कहा-कूड़दान वितरण, डंपिंग स्टेशन तय, बस सुविधा का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। सुचेतगढ़ ब्लॉक के गांव व्यासपुर परलाह में डोर-टू-डोर कचरा उठाने का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण गांव का माहौल दूषित हो रहा है। जगह-जगह बने डंपिंग स्टेशन में गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। इस कारण राहगीरों सहित ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
करीब छह माह पहले डोर-टू-डोर कचरा उठाने के लिए ग्रामीणों को सौ रुपये के हिसाब से कूड़ेदान दिए थे। उसके बाद पंचायत सचिव और अन्य नुमाइंदों ने डंपिंग स्थल का जायजा लिया था और वहां पर कचरा डंप करने के लिए कहा था। उसके बाद कचरा वाहन तैयार कर लिया गया, लेकिन अभी डोर-टू-डोर कचरा उठाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि खंड विकास अधिकारी को संज्ञान लेना चाहिए, ताकि जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को हटाया जा सके।
पंचायत सचिव को सुविधा के लिए निरंतर कहा जाता रहा है, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। पंचायत सचिव फोन नहीं उठा रहे हैं। डोर-टू-डोर कचरा उठाने से गांव का वातावरण स्वच्छ होगा। गंदगी से लोगों को निजात मिलेगी।
- दर्शन कुंडल, पूर्व पंच, परलाह
डोर-टू-डोर कचरा उठाने से पहले खंड विकास अधिकारी और अन्य कर्मचारियों को साथ लेकर गांव में स्वच्छता मिशन के तहत लोगों को जागरूक करना चाहिए। उसके बाद कार्य शुरू करना चाहिए। खुले में गंदगी के ढेरों से गांव की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है।
- राकेश सिंह, पूर्व नायब सरपंच, परलाह
हाल ही में सुचेतगढ़ ब्लॉक की जिम्मेदारी मिली है। जल्द ही पंचायत सचिव को डोर-टू-डोर कचरा नहीं उठाए जाने को लेकर विचार-विमर्श करेंगे। जल्द ही सुविधा को शुरू करवा दिया जाएगा।
- शैलेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी, सुचेतगढ़