जम्मू कश्मीर में इस महीने कई बड़े पद खाली होने जा रहे हैं। जिसके चलते राज्य सरकार के सामने नए आईएएस अफसरों की भारी कमी हो गई है।रियासत जम्मू-कश्मीर में जल्द ही आईएएस अफसरों का टोटा झेलना पड़ेगा।
जम्मू-कश्मीर स्टेट पावर डेवलपमेंट कारपोरेशन के प्रबंधक निदेशक वरिष्ठ आईएएस अफसर मेहराज अहमद काकरू के 31 जनवरी को रिटायर होने से जो सिलसिला शुरू होगा, वह इस साल 14 वरिष्ठ आईएएस अफसरों के सेवानिवृत्त होने के बाद ही थमेगा।
सामान्य प्रशासनिक विभाग की अधिसूचना के अनुसार साल 2015 में जम्मू कश्मीर कैडर के जो आईएएस अफसर रिटायर हो जाएंगे, उनमें 31 जनवरी 2015 को मेहराज अहमद काकरू, 28 फरवरी को रमेश कुमार कौल, 31 मार्च को अब्दुल मजीद मीर, 30 अप्रैल को अब्दुल मजीद गनई, 31 मई को मोहम्मद यूसुफ डार सेवानिवृत हो रहे हैं।
इसके अलावा 31 मई को शफात नूर बरलास, 30 जून को माधव लाल, 31 अगस्त को तनवीर जहां, 30 सितंबर को तुषार कांति शर्मा, 31 मार्च को शगुफ्ता प्रवीण, 30 नवंबर को मुख्य सचिव मोहम्मद इकबाल खांडे और इसी दिन वरिष्ठ आईएएस अफसर सोनाली कुमार भी सेवानिवृत्त हो जाएंगी। इसके अलावा 31 अक्तूबर को खुर्शीद अहमद गनई और इसी दिन ही मोहम्मद शरीफ सूद भी सेवानिवृत्त हो रहे हैं।