जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में दो दिन के भीतर संदिग्ध देखे जाने की दो घटनाओं के बीच शनिवार को नड्ड क्षेत्र से तीन संदिग्ध पकड़े गए हैं। तीनों कश्मीर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संदिग्धों का आतंकियों के साथ संपर्क होने का शक है। हालांकि तीनों से पूछताछ की जा रही है।
पिछले एक साल के दौरान नड्ड क्षेत्र का नाम कई बार आतंकी गतिविधियों से जुड़ा है। शुक्रवार को सांबा में जतवाल के छन्न काना क्षेत्र में चार संदिग्ध देखे जाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। शनिवार को सांबा के बनतलाब मोहल्ले में एक महिला ने सैन्य वर्दीधारी संदिग्ध देखने की सूचना दी थी। सुरक्षा बल तलाशी अभियान में जुटे थे।
इसी बीच एसओजी जम्मू के दल ने सांबा-मानसर मार्ग पर पड़ने वाले नड्ड इलाके से तीन संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ के लिए साथ ले गए। बताया जा रहा है कि तीनों कश्मीरी ट्रक के जरिए यहां पहुंचे थे। नड्ड इलाका पिछले कुछ समय से आतंकी गतिविधियों से जुड़ा रहा है। बीते वर्ष सांबा के बसंतर दरिया में ड्रोन से हथियार गिराए गए थे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: आधे घंटे की बारिश से जलभराव, निचले इलाकों में लोगों के घरों में जा घुसा पानी
नड्ड क्षेत्र से ही इन हथियारों को कश्मीर ले जाते काजीगुंड में पकड़ा गया था। वहीं, नड्ड इलाके से कई बार सैटेलाइट फोन से बातचीत भी हुई थी। इसी के चलते नड्ड सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है। जम्मू-पठानकोट हाईवे से निचली तरफ बसंतर दरिया सीधा पाकिस्तान जाता है। यह आतंकियों का रूट भी रहा है।