जम्मू में यूटी स्तर का पहला जेएंडके ट्रेड फेसलिटेशन केंद्र (व्यापार सुविधा केंद्र) खोला जा रहा है। प्रदर्शनी मैदान जम्मू के पास नवनिर्मित भवन में इस केंद्र में औद्योगिक और उससे जुड़ी प्रोत्साहन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। एक छत के नीचे शुरू किए जा रहे इस पहले केंद्र में विभिन्न विभागों को दुकानें और जगह देकर उत्पादन, बिक्री, प्रदर्शनी आदि गतिविधियों के लिए अनुमति दी जाएगी। इसके लिए उद्योग एवं वाणिज्य के प्रशासनिक विभाग की ओर से एक माह की सीमित अस्थायी अलॉटमेंट दी जाएगी। इस भवन के रखरखाव की जिम्मेदारी सिकॉप की होगी।
ट्रेड फेसलिटेशन केंद्र के फ्लोन प्लान में बेसमेंट में पार्किंग, लोअर ग्राउंड पर हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम व उद्यमियों के औद्योगिक उत्पादन की प्रदर्शनी, विभिन्न लाइन विभागों की ओर से अंतर राज्यीय स्तर पर खरीदार विक्रेता बैठकें आयोजित की जाएंगी। अपर ग्राउंड फ्लोर पर महिला उद्यमियों और स्टार्ट अप के तहत रोटेशन स्तर पर दुकानें एक माह के सीमित समय के लिए अलॉट की जाएंगी। पहले फ्लोर पर पंजीकृत निर्माताओं, सेवा क्षेत्र, औद्योगिक इकाइयों, पीएमईजीपी इकाइयों और स्टार्ट अप के तहत दुकानें अलॉट की जाएंगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर का बशीर निकला बेगुनाह, 11 साल जेल के बाद लौटा घर, जानिए क्या है पूरा मामला
दूसरे फ्लोर पर पंजीकृत निर्माताओं, सेवा क्षेत्र, औद्योगिक इकाइयां, पीएमईजीपी इकाइयां और स्टार्ट अप के तहत दूरदराज के उद्यमियों को प्रोत्साहन करने को दुकानें अलॉट की जाएंगी। तीसरे फ्लोर पर महिला उद्यमी विकास संस्थान को महिला उद्यमियों के लिए विभिन्न विकास योजनाओं को अलॉट किया जाएगा।
इस परिसर को कार्यालय स्थान, प्रशिक्षण केंद्र, लेबोरेटरी और लाइब्रेरी के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा एक्सपोर्ट हेल्प डेस्क के लिए एक कमरे को चिन्हित किया जाएगा। चौथे फ्लोर पर उद्योग व वाणिज्य से जुड़े विभाग प्रदर्शनी, कान्फ्रेंस, एक्सपोर्ट प्रोत्साहन के लिए कान्फ्रेंस हाल और प्रदर्शनी हाल के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें स्थानीय उद्योग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
औद्योगिक गतिविधियों को नया प्लेटफार्म मिलेगा : प्रमुख सचिव
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रमुख सचिव रंजन प्रकाश ठाकुर ने बताया कि जेके ट्रेड फेसलिटेशन केंद्र को जुलाई में शुरू करने की योजना है। कोविड महामारी के कारण इसे पहले शुरू नहीं किया जा सका है। इसका उद्देश्य एक छत के नीचे औद्योगिक प्रोत्साहित गतिविधियों को गति देना है। इसमें स्थानीय उद्योग के साथ अन्य जुड़े क्षेत्र को नया प्लेटफार्म मिलेगा।