उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा के वंगाम में सोमवार को सीआरपीएफ़ जवानों पर हुए हमले के दौरान आतंकी जवानों की सर्विस राइफल लेकर फरार हो गए थे। मिली जानकारी के अनुसार, आतंकी 2 सर्विस राइफल्स लेकर घटना स्थल से फरार हुए हैं।
जब एक अधिकारी से पूछा गया कि क्या आतंकी हथियार लेकर फरार हुए हैं तो उन्होंने कहा कि इसको लेकर तफतीश जारी है। और टीआरएफ़ द्वारा जिम्मेदारी लेने को लेकर अधिकारी ने कहा कि यह लश्कर की ही एक शाखा है।
बता दें कि टीआरएफ ने अपने बयान में कई सुरक्षाबलों के मारे जाने और घायल होने का दावा किया गया है। साथ ही हथियार भी लूटने का दावा किया गया है। इस बीच पुलिस ने आईपीसी की धारा 307, 302 और 7/22 आईए एक्ट के तहत एफआईआर 60/2020 दर्ज की है।
गौरतलब है कि, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार की शाम आतंकियों के हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए। चार अन्य जवान घायल भी हुए हैं। कार सवार दहशतगर्दों ने सीआरपीएफ पार्टी को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की।