संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पंडित प्रेमनाथ डोगरा राजकीय डिग्री कॉलेज (जीडीसी) सांबा में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी नवीनतम अधिसूचना के अनुसार रिक्त सीटों वाले पाठ्यक्रमों में वॉक-इन एडमिशन 15 जुलाई तक जारी रहेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए केंद्रीय प्रवेश पोर्टल पर नया पंजीकरण भी 12 जुलाई तक खुला रहेगा, जबकि प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर संचालित होगी।
आधिकारिक सीट मैट्रिक्स के अनुसार कॉलेज के विभिन्न पाठ्यक्रमों में अभी भी पर्याप्त सीटें खाली हैं। बीकॉम (अकाउंटिंग एंड फाइनेंस) में 100 सीटों में से सामान्य वर्ग की 87 सीटों पर 60 छात्रों को प्रवेश मिला है। वहीं बीएससी कंप्यूटर एप्लीकेशन में 80 सीटों के मुकाबले 66 सीटों पर 46 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। बीएससी ज्योग्राफी में 67 में से 54 तथा बीएससी जियोलॉजी में 69 में से 47 सीटों पर प्रवेश हो चुका है, जिससे इन विषयों में विद्यार्थियों की अच्छी रुचि देखने को मिल रही है।
कला एवं मानविकी के कई विषयों में अभी भी सीटें उपलब्ध हैं। डोगरी, पंजाबी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास और हिंदी सहित कई विषयों में अभ्यर्थी वॉक-इन प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं। वहीं समाजशास्त्र में 120 सीटों में से 99 सीटों पर 81 छात्रों का चयन होने से इस विषय में सर्वाधिक रुचि दर्ज की गई है।
उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से केंद्रीय प्रवेश पोर्टल और आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल पर जारी होने वाले अपडेट देखने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार सभी वॉक-इन प्रवेश फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व आधार पर रिक्त सीटों के अनुसार किए जाएंगे। इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कॉलेज में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।