राज्य का वर्ष 2016-17 का बजट 22 जनवरी को पेश किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता ने वीरवार को बजट सत्र का कैलेंडर जारी किया। सत्र नौ मार्च तक चलेगा। इस बार बजट सत्र 35 दिनों का होगा।
12वें विधानसभा के तीसरे सत्र के लिए जारी प्राविजनल कैलेंडर के अनुसार 18 जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र का आगाज होगा। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा 19, 20 और 21 जनवरी को होगी।
22 जनवरी को बजट प्रस्तुत करने के साथ ही वर्ष 2015-16 के व्यय संबंधी पूरक स्टेटमेंट पेश किया जाएगा। बजट पर 25 एवं 27 जनवरी को चर्चा होगी। इस पर 28 जनवरी को जवाब दिया जाएगा।
इन दिनों नहीं चलेगा सत्र
विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर 29 जनवरी से 26 फरवरी तक चर्चा होगी। विनियोग बिल पर चर्चा 27 फरवरी को होगी। 29 फरवरी को सरकारी कार्य होंगे। इसके साथ ही सदस्यों के निजी प्रस्ताव एक और तीन मार्च तथा निजी सदस्य विधेयक चार और आठ मार्च को चर्चा के लिए लाया जाएगा।
सरकारी कार्य दो और नौ मार्च को होंगे। ज्ञात हो कि विधानसभा सदस्यों से 10-10 तारांकित तथा गैर तारांकित प्रश्न और पांच बिल 31 अक्टूबर तक मांगे गए हैं। इसके साथ ही चार प्रस्ताव भी तीन जनवरी तक मांगे गए हैं।
राज्य सरकार ने बजट की तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यापारियों, उद्यमियों, किसानों, महिलाओं, बेरोजगारों सबको नए बजट से आस है। पिछली बजट के किसानों की ऋण माफी, व्यापारियों के लिए ग्रीन चैनल योजना सहित कई घोषणाओं पर अमल नहीं हो पाया है। इसके साथ ही मैंगो विलेज, बासमती विलेज आदि पर भी कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है।
कैलेंडर के 23, 24, 26, 30 व 31 जनवरी, 6, 7, 13, 14, 20, 21 व 28 फरवरी तथा 5, 6 व 7 मार्च (महाशिवरात्रि) को विधानसभा नहीं चलेगी।