दो राज्यों की सीमाएं और कंटीले तार की बाड़, एक तरफ राखी लेकर खड़ी बहन और दूसरी ओर राखी बंधवाने पहुंचे भाई। कोरोना महामारी की पाबंदियों के बीच कीड़ियां गंडियाल पुलिस नाके पर रक्षाबंधन का पर्व ऐसे हाल में मनाया गया। सुबह से ही बहनें दोनों ओर से कीड़ियां गंडियाल पुलिस नाके पर आने जाने की अनुमति के लिए पहुंचती रहीं।
पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से मिन्नतें करतीं कि उन्हें अपने भाईयों के यहां राखी बांधने जाने की अनुमति दी जाए। पुलिस ने दो कुर्सियों का इंतजाम सड़क किनारे ही कर दिया और दोनों ओर से आने वालों को वहीं राखी बंधवाकर वापस लौटने की हिदायत दी। कई बहनें और भाइयों ने रक्षाबंधन की रस्म को इस तरह पूरा किया तो कई भाई बहन निराश होकर वापस लौटे।
जम्मू-कश्मीर को पंजाब से जोड़ने वाला यह मार्ग कोरोना महामारी के बीच बहनों को ऐसी याद भी देगा किसी ने नहीं सोचा था। कीड़ियां गंडियाल पुलिस पोस्ट पर पहुंचीं साक्षी अंदोत्रा ने बताया कि वो कठुआ से आई हैं। उनके भाई नाके के दूसरी ओर रहते हैं और कई दिक्कतों का सामना कर आज वो भाई को राखी बांधने पहुंची हैं।
उनके भाई ने बताया कि चेक पोस्ट पर राखी बंधवाकर महसूस हो रहा है कि रिश्ता बहुत दूर का हो गया है, लेकिन कोरोना के तहत जारी निर्देशों का पालन करना मजबूरी है। निकी ठाकुर ने बताया कि उन्हें कठुआ में अपने भाई को राखी बांधने जाना था। लेकिन अनुमति नहीं मिली और आखिरकार भाई को पुलिस नाके पर बुलाकर उन्होंने रक्षासूत्र बांधा है।