जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने मंगलवार को कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में हुए आतंकी हमलों पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि आतंकी और उनके आका जम्मू-कश्मीर के हालात बिगड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमरा भी लक्ष्य है कि हम जम्मू-कश्मीर को आतंकियों से मुक्त करके ही रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षाबलों द्वारा आतंकियों का खात्मा करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेंगे। डीजीपी दिलबाग सिंह हुमहामा स्थित सीआरपीएफ केंद्र में हंदवाड़ा के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी रहेगा। हमने वीर सपूतों को खोया है। आतंकियों के हमलों से निपटने के लिए रणनीति बनाई गई है। आपको बता दें कि हंदवाड़ा के वानगाम में पुलिस और सुरक्षाबलों का संयुक्त सर्च ऑपरेशन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।
हमले के बाद से ही इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षाकर्मी घर-घर की तलाशी ले रहे हैं। सुरक्षाबलों का कहना है कि आतंकी अभी इसी रिहायशी इलाके में ही कहीं शरण लिए हुए हैं। जल्द ही उनका पता लगा लिया जाएगा।
वहीं हंदवाड़ा के वानगाम में शहीद हुए सीआरपीएफ के तीनों जवानों को मंगलवार को श्रीनगर सीआरपीएफ हेडक्वार्टर में श्रद्धांजलि दी गई। सीआरपीएफ की 92 बटालियन और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों ने शहीद कांस्टेबल संतोष कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अश्वनी कुमार यादव, कांस्टेबल चंद्रशेखर को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी शहादत को नमन किया। इसके बाद तीनों शहीद जवानों के पार्थिव शरीर उनके घर के लिए रवाना कर दिए गए।