उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले बारामुला के उड़ी सेक्टर में एलओसी के करीब बीएसएफ के जवानों ने मंगलवार को एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। जवानों के चुनौती देने पर वह कुछ दस्तावेज फेंककर भागने लगा। इस पर उसे निशाना बनाकर मार गिराया गया।
मंगलवार को दोपहर करीब सवा दो बजे दुलनजा में एलओसी के करीब स्थित बीएसएफ की 70वीं बटालियन की निगरानी वाली फॉरवर्ड पोस्ट पर संतरी को फेंस के उस पार एक व्यक्ति की संदिग्ध हरकत देखने को मिली।
संतरी ने उस शख्स को ललकारा तो वह पेड़ के पीछे छिप गया। इस पर उसे हाथ ऊपर कर सामने आने को कहा गया। चेतावनी दी गई कि अगर वह सामने नहीं आया तो गोली मार दी जाएगी।
अधिकारी के अनुसार वह व्यक्ति फेंस के करीब आया और इस पार कुछ दस्तावेज फेंके। जब उसे तलाशी के लिए कपड़े उतारने को कहा गया तो वह भाग खड़ा हुआ। बार-बार चेतावनी के बाद भी वह नहीं रुका तो उस पर फायरिंग की गई।