सीमा सुरक्षा बल के जवान मुस्तैदी के साथ बॉर्डर पर तैनात
जम्मू कश्मीर में बदले हालत के बीच मंगलवार रात को आरएसपुरा की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान क्षेत्र पाक सेना की हलचल देखी गई। सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि पहले पाकिस्तान सेना बॉर्डर पर तैनाती कम थी पर बीती रात पाकिस्तान क्षेत्र में पाकिस्तान सेना की हलचल देखी गई।
रात के समय पाक सीमा पर बडे़ वाहनों की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे लगता है कि पाक की ओर से बॉर्डर पर सेना की बढ़ोतरी की गई होगी। ग्रामीणों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र के गांव में पहले की तरह सीमा सुरक्षा बल के जवान मुस्तैदी के साथ बॉर्डर पर तैनात हैं और पाकिस्तान क्षेत्र में पैनी नजर रखे हुए हैं।
पूर्व सरपंच स्वर्ण लाल ने कहा कि पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता। पहले भी पाकिस्तान की ओर से अकारण गोलाबारी आरंभ की जाती थी और अब पाकिस्तान की नीति क्या है, इस पर कुछ कहा नहीं जा सकता।